नगर परिषद जैसलमेर के आम चुनाव 2026 में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी रण की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। उपखंड अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार, विभिन्न वार्डों से नामांकन वापसी के बाद अब 44 वार्डों में कुल 143 प्रत्याशी किस्मत आजमाने मैदान में डटे हैं। वहीं, वार्ड संख्या 23 से कांग्रेस प्रत्याशी के सामने किसी अन्य उम्मीदवार के न होने से उनका निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। प्रतीक चिन्हों के आवंटन के बाद सामने आई दिलचस्प तस्वीर में निर्दलीय उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा मांग 'सेब' सिंबल की रही है, जिस पर सर्वाधिक 20 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रमुख दल भाजपा के 'कमल' निशान पर सेब के मुकाबले 24 प्रत्याशी कम यानी कुल 44 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के 'हाथ' सिंबल पर 44 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के 'बोतल' सिंबल पर 3 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। सिंबल आवंटन के बाद बहु कोणीय हुए मुकाबले नगर परिषद चुनाव में प्रतीक चिन्हों के बंटवारे के साथ ही चुनावी घमासान तेज हो गया है। शहर के कई वार्डों में निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की मौजूदगी के कारण मुकाबला त्रिकोणीय एवं बहु कोणीय आकार ले चुका है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने भी तीन वार्डों (वार्ड 8 से विनोद, वार्ड 11 से लाभु राम और वार्ड 28 से स्वरूप सिंह) में अपने अधिकृत उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा अलमारी (17), बाँसुरी (9), सिलाई की मशीन (6) और गैस का चूल्हा (4) जैसे घरेलू सिंबल के साथ निर्दलीय उम्मीदवार दलीय समीकरणों को प्रभावित करने में जुटे हैं। डोर-टू-डोर जनसंपर्क और प्रचार ने पकड़ा जोर प्रतीक चिन्हों के आवंटन के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने बिना समय गंवाए घर-घर जाकर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। विशेष रूप से गफूर भट्टा, कच्ची बस्ती और गांधी कॉलोनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी गणित बिगाड़ते दिख रहे हैं। मोहल्लों में बैठकों और नुक्कड़ सभाओं का दौर तेजी से शुरू हो गया है। जैसलमेर नगर परिषद चुनाव: वार्ड अनुसार प्रत्याशियों एवं चुनाव चिन्हों की पूरी सूची