जैसलमेर जिले में इन दिनों मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप और पसीने वाली उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम हो जाती है और लोग छांव तलाशते दिखते हैं। हालांकि, सूरज ढलते ही मौसम करवट ले रहा है। रात के समय हल्की ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिन में ऐसा ही असर रहेगा, लेकिन जल्द ही बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। रात में राहत, दिन में तीखी धूप बुधवार को स्वर्णनगरी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने दोपहर में गर्मी का अहसास कराया। वहीं दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते तीन दिनों से रात का पारा लगातार 24 डिग्री पर टिका हुआ है। शाम होते ही चलने वाली हवाओं के कारण रात के समय पसीने से निजात मिल रही है, जिससे लोग राहत की सांस ले रहे हैं। अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम? मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले 3 से 4 दिनों में जैसलमेर और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हवा की रफ्तार बढ़ने से दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे दिन की उमस में कमी आने के आसार हैं। स्थानीय लोगों को सलाह दोपहर 12 से 4 बजे के बीच तीखी धूप से बचें और बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें। उमस के कारण शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पीते रहें।