सरकार की सीनियर सिटीजन तीर्थ यात्रा स्कीम में जालोर के 150 यात्री गुरुवार को ट्रेन से तीर्थयात्रा पर रवाना होंगे। देवस्थान विभाग की इस योजना के तहत चयनित यात्रियों को लेकर स्पेशल ट्रेन गुरुवार दोपहर 12:30 बजे जवाई बांध रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी और सारनाथ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी। विशेष ट्रेन में जवाई बांध रेलवे स्टेशन से 87 और पाली रेलवे स्टेशन से 273 सहित कुल 360 यात्री रवाना होंगे। इनमें जालोर जिले के 150, सिरोही के 87 और पाली जिले के 123 यात्री शामिल हैं। जरूरी दस्तावेज के साथ सुबह 8 बजे स्टेशन पहुंचें यात्रियों को संबंधित रेलवे स्टेशन पर सुबह 8 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना होगा। यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख के लिए ट्रेन प्रभारी के रूप में एक राजपत्रित अधिकारी रहेगा। प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुरक्षक के रूप में तैनात रहेंगे। चिकित्सा सुविधा के लिए एक डॉक्टर और दो नर्सिंग कर्मचारी भी साथ रहेंगे। ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी रखें चयनित यात्रियों को ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी, छह माह से अधिक पुराना नहीं प्रमाणित चिकित्सा प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार/आधार कार्ड या पैन कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। यात्रियों को जरूरी दवाइयां, कपड़े, व्यक्तिगत उपयोग का सामान और आवश्यक नकदी भी साथ रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों को यात्रा के संबंध में फोन या संदेश नहीं मिला है, वे रेलवे स्टेशन पर नहीं आएं।