झालावाड़ जिले में बारां-झालावाड़ हाईवे के तिराहे से सांगोद-कोटा मार्ग तक सड़क निर्माण के साथ प्रस्तावित नालियों का काम 4 साल बाद भी अधूरा है। इससे 150 से ज्यादा घरों और 50 दुकानों के सामने गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के अनुसार अधूरी नालियों के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। नालियों के किनारे खुले होने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निचले घरों के सामने गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे दुकानों की ग्राहकी प्रभावित हो रही है और वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है। शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान इस मार्ग पर 9 मीटर चौड़ी सीसी सड़क का निर्माण वर्ष 2023 में शुरू किया गया था। 3 साल पहले इसे राज्य राजमार्ग संख्या 128 घोषित किया गया था, जो कोटा जिले के सांगोद को झालावाड़ के जोलपा, खानपुर और बारां मेगा हाईवे से जोड़ता है। महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी के बावजूद, इस मार्ग पर नालियों का विकास कार्य अधूरा पड़ा है। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। व्यापारी मोरध्वज राठौर ने मांग की है कि अधूरा पड़ा नाला निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।