झालावाड़ शहर में शनिवार को मौसम में बदलाव आ गया। सुबह मौसम साफ रहने के बाद दोपहर होते ही आसमान में बादल छा गए। दोपहर करीब 2 बजे हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर बारिश होने के बाद मौसम फिर बदला, लेकिन शाम करीब 4 बजे दोबारा बारिश शुरू हो गई। इसके बाद रुक-रुककर बारिश का सिलसिला शाम तक जारी रहा। जिले में पिछले करीब दो दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी दिनभर अच्छी बारिश हुई थी, जिससे शनिवार को मौसम सुहावना और ठंडा बना रहा। लगातार बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट आई। अगस्त में जहां तापमान कई बार 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहता था, वहीं अब यह गिरकर करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बारिश से शहर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। किसानों को मिली राहत दिनभर बदलते मौसम के बीच कभी बादल छाए रहे तो कभी हल्की बारिश होती रही। इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिखा। जिले के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश जारी रहने से खेतों में नमी बढ़ गई है और किसानों को राहत मिली है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए आगे भी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक 27MM बारिश झालावाड़ जिले में इन दिनों चल रहे बारिश के दौर में मौसम कभी ठंडा तो कभी उमस और कभी बारिश का बना रहने लगा है। शनिवार को भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार को जिले भर में तेज बारिश हुई है। शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक झालावाड़ जिले में 27 एमएम बारिश हुई है। वहीं जिले में बांधों में भी पानी की आवक बढ़ गई है इसके चलते आज अकलेरा क्षेत्र के छापी बांध के 2 गेट आधा-आधा मीटर खोलकर 2754 क्यूसेक मी पानी की निकासी की जा रही है।