झुंझुनूं जिले की 19 नगरीय निकायों में होने वाले आम चुनाव-2026 के लिए चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद जिले के 555 वार्डों में 2,954 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। यानी हर वार्ड में औसतन पांच से अधिक प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में बने रहने से अधिकांश वार्डों में त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबले माने जा रहे हैं। 3 को होगी नाम वापसी जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि जिले की एक नगर परिषद और 18 नगर पालिकाओं के कुल 555 वार्डों के लिए 3,139 अभ्यर्थियों ने 3,558 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 434 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। इसके बाद 3,123 नामांकन पत्र सही पाए गए और 2,954 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में शेष रहे। अब 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का अवसर रहेगा। इसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी। वहीं 4 सितंबर को अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। झुंझुनूं में सबसे ज्यादा उम्मीदवार जिले की सबसे बड़ी निकाय नगर परिषद झुंझुनूं के 60 वार्डों के लिए 359 अभ्यर्थियों ने 433 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा में 73 नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद अब 334 उम्मीदवार मैदान में हैं। यानी नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में औसतन साढ़े पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। कौनसे निकाय में अब कितने उम्मीदवार पढ़ें निकायों की पूरी डिटेल