जोधपुर नगर निगम चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा से पहले ही विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस में संभावित प्रत्याशियों को लेकर कई कार्यकर्ता विरोध जता रहे हैं। वार्डों में स्थानीय को ही प्रत्याशी बनाने की मांग की जा रही है। इस बीच कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट आज जारी होने की संभावना है। रविवार को जोधपुर नगर निगम के वार्ड 4 के कांग्रेस कार्यकर्ता शहर कांग्रेस मुख्यालय में पहुंचे। संभावित उम्मीदवार बाहरी होने का विरोध किया। कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यालय में मौजूद पार्टी पदाधिकारी ने उनको समझाया तो वापस चले गए। वार्ड 69 में बाहरी का विरोध वार्ड 69 में कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी का भी विरोध किया जा रहा है। बाहरी प्रत्याशी को टिकट दिए जाने की चर्चा के बीच नाराज कांग्रेस समर्थक और वार्ड वासी पूर्व विधायक मनीषा पंवार के आवास पर पहुंचे। वार्ड वासियों ने अपनी पसंद के स्थानीय दावेदार लियाकत अली रंगरेज के समर्थन में बात रखी। यहां अरशद चौहान भी टिकट के दावेदार हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है इससे तो स्थानीय समर्थकों की नाराजगी सामने आ सकती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लियाकत अली रंगरेज को टिकट नहीं मिला तो उन्हें निर्दलीय मैदान में उतारने और समर्थन देने का फैसला लिया जा सकता है। वीडियो जारी कर संभावित प्रत्याशियों का किया विरोध वहीं, एक कांग्रेस कार्यकर्ता का भी वीडियो सामने आया है। वीडियो में स्वयं को कांग्रेस कार्यकर्ता बताने वाली डॉ. अनिता परिहार संभावित टिकट को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वार्ड संख्या 99 और 100 से पूर्व महापौर कुंती देवड़ा औक उनके भाई मयंक देवड़ा को टिकट दिए जाने की संभावनाओं पर नाराजगी जताई है।