जोधपुर में एक महिला का ज्वेलरी का बैग टैक्सी में छूट गया। ऐसे में अभय कमांड और कंट्रोल सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने महज 30 मिनट में टैक्सी का रूट ट्रेस कर बैग बरामद करवा दिया। बैग में करीब तीन तोले का सोने के मंगलसूत्र, कानों के झुमके सहित करीब 5 लाख रुपए कीमत की ज्वेलरी सुरक्षित मिली। इस पर परिवार ने पुलिस का आभार जताते हुए खुशी जताई। पुलिस के अनुसार- बीकानेर निवासी कैलाश कुमार पुत्र लीलाराम परिवार के साथ शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर जोधपुर आए थे। रेलवे स्टेशन से टैक्सी लेकर बनाड़ जाते समय उनका बैग टैक्सी में ही छूट गया। कुछ देर बाद बैग याद आने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। सीसीटीवी के आधार पर टैक्सी का लगाया पता सूचना मिलते ही अभय कमांड और कंट्रोल सेंटर की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस निरीक्षक सत्यप्रकाश की मॉनिटरिंग में पारी प्रभारी एएसआई नारायण सिंह और कॉन्स्टेबल लाखाराम ने रेलवे स्टेशन, नई सड़क, पावटा सहित रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों के जरिए टैक्सी का रूट ट्रेस करते हुए उसका नंबर चिन्हित किया। इसके बाद टैक्सी के रजिस्ट्रेशन संबंधी विवरण के आधार पर ड्राइवर से संपर्क किया गया। ड्राइवर ने बताया- बैग टैक्सी में ही है। पुलिस ने ड्राइवर को अभय कमांड और कंट्रोल सेंटर बुलाया। परिवादी से बैग की पहचान के बाद उसे सौंप दिया। 5 लाख की कीमत के गहने मिले सुरक्षित रक्षाबंधन के मौके पर हुई इस कार्रवाई ने परिवार के चेहरे पर खुशी ला दी। पुलिस के अनुसार- सीसीटीवी कैमरों के सुरक्षा चक्र के जरिए बहन के सुहाग का प्रतीक मंगलसूत्र और अन्य आभूषण वापस दिलाकर पर्व पर ‘रक्षा का वचन’ निभाया।