कपासन पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर विशेष अभियान चलाकर ये कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई। इसमें जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती का मार्गदर्शन रहा। थाना प्रभारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया। अभियान के दौरान पुलिस ने चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें देवरिया निवासी रतन सिंह (52), रेन का खेड़ा निवासी माधव लाल (41), आदर्श नगर कपासन निवासी गणपत लाल (40) और स्टेशन रोड चित्तौड़गढ़ निवासी मोहम्मद रईस कुरेशी (39) शामिल हैं। इसी प्रकार, चार गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा गया। इनमें अरनिया निवासी सुरेश चंद्र (30), कपासन निवासी रमेश (42), कपासन निवासी रमेश उर्फ मोडीराम (50) और हड़मतिया निवासी सुरेश (35) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत कुल आठ स्थायी वारंटों और नौ गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण किया गया है।