करौली में रविवार को हिंडौन रोड स्थित मासलपुर चुंगी के पास एक गोवंश कंटीली झाड़ियों और चारदीवारी के बीच फंस गया। सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। जिला नियंत्रण कक्ष को दोपहर करीब 1 बजे गोवंश के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सिविल डिफेंस प्रभारी आशीष जैन के निर्देश पर एक टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। 1 घंटे में किया रेस्क्यू अनुदेशक रामअवतार गुर्जर के नेतृत्व में जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कंटीली झाड़ियों और चारदीवारी के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई। टीम ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए झाड़ियों को हटाया और गोवंश को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। इस रेस्क्यू अभियान में जयदेव, बृजभूषण, महेश, अबरार, जीशान, पवन, भूपेंद्र, रितेश पाल, जल सिंह और सादिक सहित सिविल डिफेंस के अन्य जवान शामिल थे। टीम की तत्परता और सूझबूझ से गोवंश को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका।