करौली में नगर परिषद चुनाव से पहले सवर्ण समाज की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। शनिवार देर शाम पुरानी अनाज मंडी में समाज की एक बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान आगामी निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों से दूरी बनाते हुए योग्य निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन करने का आह्वान किया गया। समाज से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी, एकजुटता, आरक्षण व्यवस्था में सुधार और यूजीसी नियमों में बदलाव सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों एवं हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने पर जोर दिया। सरकार की नीतियों पर जताई नाराजगी बैठक की अध्यक्षता अग्रवाल समाज के जिला अध्यक्ष विशंभर दयाल गुप्ता ने की। कार्यक्रम समिति के संरक्षक एडवोकेट उद्यो सिंह, संयोजक वेद प्रकाश उपाध्याय, सहसंयोजक अभय शास्त्री, समता आंदोलन समिति के जिला अध्यक्ष नरेश सिंह बिनेगा और व्यापार महासंघ अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयंका सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। दिनेश शर्मा, वेद प्रकाश उपाध्याय, राघव चतुर्वेदी और पप्पू पचौरी सहित अन्य वक्ताओं ने बैठक को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की और समाज के मुद्दों को प्राथमिकता देने वाले उम्मीदवारों का समर्थन करने की बात कही। आंदोलन की रणनीति बनाने पर भी विचार-विमर्श किया निकाय चुनाव को लेकर समाज ने किसी एक राजनीतिक दल के बजाय ऐसे निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करने का निर्णय लिया, जो स्थानीय समस्याओं और समाज के मुद्दों को प्राथमिकता दें। बैठक में आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में लोकतांत्रिक आंदोलन की रणनीति बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के आह्वान पर बाजार बंद रखने की अपील भी की गई थी, जिससे शहर में कई जगह व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। बैठक देर रात तक चली।