करौली में पिछले लगभग 15 दिनों से रोडवेज बस व्यवस्था बदहाल है। केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड पर बसों की कमी और डिपो के कुप्रबंधन के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, करौली से जयपुर मार्ग पर जहां 55 बसें चलनी चाहिए, वहां अब केवल 35 बसें ही संचालित हो पा रही हैं। गंगापुर मार्ग पर भी बसों का संचालन 50 प्रतिशत तक कम हो गया है। पहले 20 से 22 बसें चलती थीं, अब यह संख्या घटकर महज 15 रह गई है। इसी तरह, कैलादेवी-धौलपुर मार्ग पर 30 से 32 बसों के मुकाबले अब सिर्फ 22 गाड़ियों का ही संचालन हो रहा है। इस अव्यवस्था का मुख्य कारण कर्मचारियों की भारी कमी है। संचालन के लिए जहां 10 कर्मचारियों की आवश्यकता है, वहां केवल 2 कर्मचारी ही तैनात हैं। डिपो में कोई व्यवस्थापक भी मौजूद नहीं है। स्टाफ की कमी का आलम यह है कि 4 बुकिंग क्लर्क, 2 पूछताछ केंद्र और 1 सुरक्षा प्रहरी के पद रिक्त हैं। कर्मचारियों को पिछले 10 से 12 दिनों से साप्ताहिक विश्राम भी नहीं मिला है। कर्मचारियों की कमी और बसों के टोटे के कारण यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।