करौली जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने आज करौली जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए छुट्टी घोषित की है। यह फैसला सावधानी के तौर पर लिया गया है। इसका मकसद यह है कि खराब मौसम और बारिश के बीच विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कलेक्टर ने बताया कि जिले में भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार को सभी स्कूलों में छुट्टी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिले के सभी स्कूलों के प्रिंसिपल को अवकाश संबंधी आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तेज बारिश के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने और बेवजह पानी भरे इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।