करौली शहर में रविवार को हटरिया चौराहे से फूटाकोट तक लंबा जाम लग गया। पत्थरों से ओवरलोड 3-4 ऊंटगाड़ियों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हुई। इस जाम से करीब एक घंटे तक लोग परेशान रहे। ऊंटगाड़ियों के सड़क पर खड़े होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे धीरे-धीरे जाम बढ़ता चला गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर बाइक और ऑटोरिक्शा की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण मोक्षधाम आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ मदन मोहन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि जाम लगने के लगभग 20 मिनट बाद यातायात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। लोगों ने शहर में भारी वाहनों और बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे मुख्य बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले रास्तों पर बार-बार जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।