जिले के खींवसर-माडपुरा सड़क मार्ग पर 25 अगस्त को हुए भीषण सड़क हादसे में घायल रिटायर्ड फौजी धन्नाराम डूडी की भी मौत हो गई। धन्नाराम का जोधपुर में इलाज चल रहा था। जहां रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। इस हादसे में इससे पहले धन्नाराम की पत्नी, उनके छोटे भाई और छोटे भाई की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। डंपर ने कार को 50 फीट तक घसीटा था हादसा 25 अगस्त की शाम करीब 6:20 बजे पांचौड़ी थाना क्षेत्र में हुआ था। परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने बीकानेर के नोखा गए थे। शाम को वे कार से अपने गांव माडपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान खींवसर-माडपुरा सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर रॉन्ग साइड से आया और सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। डंपर कार को करीब 50 फीट तक घसीटकर ले गया। हादसे में धन्नाराम की पत्नी, छोटे भाई और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धन्नाराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया था। परिजनों ने मॉर्च्युरी के बाहर धरना दिया था हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने खींवसर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना देकर आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस की ओर से आरोपी चालक को गिरफ्तार किए जाने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया था। इसके बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया था। 5 दिन पहले ही खरीदी थी नई कार जांच में सामने आया था कि हादसे में क्षतिग्रस्त टाटा नेक्सन कार परिवार ने हादसे से महज पांच दिन पहले ही नागौर के एक शोरूम से खरीदी थी। कार पर अभी टेंपररी नंबर ही लगे हुए थे। नई कार में परिवार के चार सदस्य शोकसभा से वापस अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी। प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र सिंह के अनुसार डंपर खींवसर से माडपुरा की ओर तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड चल रहा था। माडपुरा के पास सामने से कार आती दिखाई दी तो चालक ने कार को साइड में लेने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही डंपर ने कार को टक्कर मार दी। ये खबर भी पढ़ें… 5-दिन पहले खरीदी कार का एक्सीडेंट,पति-पत्नी समेत 3 की मौत:रॉन्ग साइड से आए डंपर ने 50 फीट तक घसीटा; रिटायर्ड फौजी जोधपुर रेफर नागौर जिले में रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। डंपर कार को करीब 50 फीट तक घसीटकर ले गया। हादसे में पति-पत्नी और भाभी की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जोधपुर रेफर किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…