मौसम विभाग ने कोटा संभाग में आज और कल बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जिले में पिछले 2 दिन से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। आज तीसरे दिन भी जिले में बादल छाए हैं। तापमान में गिरावट होने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इधर नवनेरा बांध के कैचमेंट क्षेत्र में हो रही बारिश व अन्य नदियों से पानी की आवक हो रही है। आज शनिवार को बांध के 7 गेट 13 मीटर खोले गए हैं। 67 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। बांध में पानी की आवक को देखते हुए डिस्चार्ज और बढ़ाया जा सकता है। शुक्रवार को बांध से 20 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी। शहर में शुक्रवार को रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े 5 बजे तक 3.8 एमएम बारिश हुई। न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से मौसम में ठंडक बढ़ी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 30% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 4 सितंबर तक औसत 666.1 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 461.2 मिमी बारिश हुई है।