कोटा ग्रामीण में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों के खिलाफ ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत कार्रवाई की। मोडक थाना पुलिस, साइबर टीम और जिला स्पेशल टीम ने वाहन चोर गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया- गिरफ्तार आरोपी अनिल पोटर (25) निवासी आकोदिया थाना पनवाड़ झालावाड़ और दिनेश (40) निवासी कसार थाना मंडाना कोटा ग्रामीण हैं। इनके एक साथी सुनील कुमार (19) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के दो अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपी हीरो कंपनी की बाइक ज्यादा चुराते थे। सुनसान जगह पर करते थे वारदात पुलिस ने कोटा ग्रामीण, कोटा शहर और झालावाड़ के थाना क्षेत्रों से चोरी की चार बाइक बरामद की हैं। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, हीरो आई-स्मार्ट, टीवीएस स्पोर्ट और हीरो एचएफ डीलक्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार- गिरोह सार्वजनिक स्थानों और आम रास्तों पर सुनसान जगहों को निशाना बनाकर बाइक चोरी करता था। कार्रवाई के लिए विशेष टीमों ने वाहन चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित किए। पहले चालानशुदा अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने प्रेमनगर कॉलोनी कोटा में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।