कोटा के कुशलराज सिंह हाड़ा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग की सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा में 70वीं रैंक हासिल कर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि कुशलराज ने सरकारी सेवा में रहते हुए लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। कुशलराज सिंह हाड़ा ने बताया- मेरी सफलता का सफर साल 2016 में शुरू हुआ, जब उनका चयन वन विभाग में हुआ। इसके बाद साल 2021 में उन्होंने पटवारी पद पर सफलता हासिल की। साल 2022 में प्रयोगशाला सहायक के पद पर चयन हुआ। इसी साल स्कूल लाइब्रेरियन भर्ती में उन्होंने 22वीं रैंक हासिल की। सफलताओं का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। साल 2024 में कुशलराज ने पुरालेख अधिकारी भर्ती परीक्षा में पहली रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वर्तमान में वे कोटा अभिलेखागार में पुरालेख अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सरकारी जिम्मेदारियों के साथ उनकी पढ़ाई भी लगातार जारी है। वे डॉ. प्रणव देव के मार्गदर्शन में झालावाड़ से पीएचडी कर रहे हैं। उनका मानना है कि लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और सीखने की इच्छा जरूरी है। कुशलराज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन, परिवार के विश्वास और मित्रों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा- यह उपलब्धि अकेले उनकी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। लगातार सफलताएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।