कोटा के स्टेशन रंगपुर क्षेत्र के प्रताप कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक मकान में रखे सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें कमरें में फैलने लगीं। परिजनों ने कपड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कमरे में रखा घरेलू सामान आग की चपेट में आने से जल गया। मकान मालिक रामकुमार झा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे सिलेंडर की नलची में अचानक आग लग गई थी। कुछ ही देर में आग तेजी से बढ़ने लगी। उन्होंने और परिवार के अन्य सदस्यों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग कमरे में फैलती जा रही थी। इसी दौरान कॉलोनी के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।