खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना पुलिस ने अवैध हथियार और शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से पौना 12 बोर का एक नाली का अवैध हथियार, 12 बोतल देशी शराब और एक धारदार खुंखरी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियार, मादक पदार्थ और लोकल व स्पेशल एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोटकासिम थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को बीबीरानी-हर्सोली सड़क मार्ग पर एक संदिग्ध युवक की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से पौना 12 बोर का एक नाली का अवैध हथियार, 12 बोतल देशी शराब और एक धारदार खुंखरी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद हथियार व शराब के बारे में पूछताछ जारी गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र पुत्र श्यामलाल (26) के रूप में हुई है। वह नांगल सालिया, थाना कोटकासिम, जिला खैरथल-तिजारा का रहने वाला है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी से बरामद हथियार व शराब के बारे में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में कोटकासिम थानाधिकारी जसवंत सिंह के साथ कांस्टेबल हंसराज, संदीप और भीम सिंह शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार और शराब कहां से आई और वह इन्हें किस मकसद से ले जा रहा था।