कोटपूतली में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की तैयारियों के तहत रविवार को EVM का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। यह प्रक्रिया जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी हुई। रेंडमाइजेशन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरुका और एआरओ एवं तहसीलदार कोटपूतली रामधन गुर्जर मौजूद रहे। भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी प्रक्रिया में भाग लिया। 9 नगरीय निकायों में 325 वार्ड, 389 बूथ रेंडमाइजेशन के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 9 नगरीय निकाय हैं। इनमें 2 नगर परिषद—कोटपूतली और बहरोड़—जबकि 7 नगर पालिकाएं शामिल हैं। इन सभी नगरीय निकायों में कुल 325 वार्ड और 389 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। 470 CU और 580 BU उपलब्ध निर्वाचन के लिए जिले में कुल 470 कंट्रोल यूनिट (CU) और 580 बैलेट यूनिट (BU) उपलब्ध हैं। प्रथम रेंडमाइजेशन के तहत इन EVM मशीनों का नगर पालिकावार आवंटन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेंडमाइजेशन प्रक्रिया का उद्देश्य EVM के आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखना है, ताकि मशीनों का आवंटन पहले से तय तरीके से न होकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद रेंडमाइजेशन के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने प्रतिनिधियों की ओर से पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया। मौके पर भाजपा प्रतिनिधि बजरंग लाल शर्मा तथा कांग्रेस के हनुमान सैनी, ओमप्रकाश सैनी, उदय तोदवाल, जगमाल सिंह यादव, रघुवीर, वीके नवल और रमेश कुमार जिंदल सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निर्वाचन शाखा से एओ तेजपाल यादव, अनिल यादव, मनीष सहित अन्य कर्मचारी भी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहे।