कोटपूतली में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बुधवार शाम को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिले में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और चुनाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर और पक्की की जाएं। सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एडीएम सोहन सिंह नरुका, जिला स्वीप नोडल और एसीईओ डॉ. गोपाल मीणा समेत चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी 9 नगरीय निकायों में चल रही तैयारियों और प्रगति की जानकारी ली। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कानून व्यवस्था, पुलिस इंतजाम, मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं, संवेदनशील मतदान केंद्र, मतदान दलों की व्यवस्थाएं, मतदान और मतगणना स्थल, कर्मचारियों की ड्यूटी और एमएमसी सेल सहित चुनाव से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक से चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच अच्छा तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव कार्य में लगे कर्मचारियों के प्रशिक्षण की भी जानकारी ली और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ईवीएम के रेंडमाइजेशन और स्ट्रॉंग रूम की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने चुनाव सामग्री और ईवीएम की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने जिले की चुनाव तैयारियों, अलग-अलग चुनाव प्रकोष्ठों के कामों, स्वीप गतिविधियों, डिस्पैच सेंटर, मतगणना स्थल, दिव्यांग और बुजुर्ग वोटरों को दी जाने वाली सुविधाओं और दूसरे चुनावी कामों की प्रगति की जानकारी राज्य निर्वाचन आयुक्त को दी। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग की तैयारियों, कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के बारे में बताया। इस मौके पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 'एक पेड़ लोकतंत्र के नाम' अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पेड़ लगाकर मतदान का संदेश दिया।