कोटपूतली में निकाय चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन के दूसरे दिन भी प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रशासन ने वार्डवार नामांकन जमा कराने के लिए अलग-अलग अधिकारियों के कार्यालय निर्धारित किए हैं। वार्ड 1 से 20 तक के नामांकन एसडीएम योगेश देवल के कार्यालय में, वार्ड 21 से 40 तक के फॉर्म तहसीलदार रामधन गुर्जर के कार्यालय में और वार्ड 41 से 60 तक के नामांकन नायब तहसीलदार स्नेहलता राजोरिया के कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। नामांकन प्रक्रिया को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। कचहरी परिसर में प्रत्याशियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां नामांकन फॉर्म में किसी तरह की त्रुटि होने पर उसे समय रहते दुरुस्त कराने में मदद की जा रही है। पहले दिन 81 प्रत्याशियों ने भरे 95 आवेदन कोटपूतली-बहरोड़ जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की ओर से नामांकन से लेकर मतदान तक पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है। जिले के 9 नगर निकायों में नामांकन के पहले दिन 81 उम्मीदवारों ने कुल 95 आवेदन पत्र दाखिल किए थे। दूसरे दिन भी नामांकन को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।