कासं | सवाईमाधोपुर मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के चलते जिले में पिछले दो दिनों से लगातार रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मूसलाधार बारिश के चलते जिले के अधिकांश नदी-नालों और रणथंभौर के झरने उफान पर हैं। जिला मुख्यालय के बीचों-बीच बहने वाले लटिया नाले में भी पानी की लगातार आवक बनी हुई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले का प्रमुख मानसरोवर बांध पूरी तरह झलक गया है। वहीं, रणथंभौर के झरेटी नाले में तेज बहाव के कारण कुंडेरा और श्यामपुरा क्षेत्र के गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया प्रशासन ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एहतियात के तौर पर जिला कलेक्टर काना राम के निर्देश पर जिलेभर की कक्षा 1 से 12वीं तक की सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ियों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नदी-नालों और उफनते झरनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।