आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर महोत्सव आयोजित हुआ। सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में हुए भव्य कार्यक्रमों की एक झलक पाने के लिए मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जहां भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े कार्यक्रमों और भजनों की धुन पर हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल रहे। श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां निकाली टोडाभीम रोड स्थित बस स्टैंड परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रमों में एमएनपी स्कूल के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित सजीव झांकियां प्रस्तुत कीं। इनमें राधाकृष्ण, संदीपनी आश्रम, शेषनाग शय्या पर भगवान विष्णु, राम सेना, शंकर बारात, रामदरबार, जगन्नाथ रथ सहित अन्य झांकियां शामिल रहीं। गुरुकुल के झांकियां आकर्षक रही भव्य कार्यक्रम में श्री रामेष्ट वेद गुरुकुलम के आचार्य घनश्याम हरदेनिया के नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा दी गई अलग-अलग प्रस्तुतियां भी बेहद आकर्षक रहीं। झांकियों पर पुष्पवर्षा की गई। जन्मोत्सव महाआरती हुई वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीबालाजी दरबार, सीतारामजी, राधा-कृष्ण के गर्भगृह को विशेष रूप से सजाया गया। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान के जन्म उत्सव के साथ मंदिर के घंटे-घड़ियाल बजे उठे। ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक करने के बाद महा आरती और प्रसादी वितरण किया गया।