नगर पालिका चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन प्रत्याशियों को अनावश्यक भागदौड़ से बचाने के लिए निर्वाचन विभाग ने रविवार को छुट्टी के बावजूद उपखंड अधिकारी कार्यालय में हेल्प डेस्क खोली। दोपहर बाद से शाम तक चली इस डेस्क पर करीब 56 संभावित प्रत्याशियों ने पहुंचकर अपने आवेदन पत्रों की जांच करवाई। इससे सोमवार को अंतिम दिन प्रत्याशियों का समय बचेगा और कार्यालय में भीड़ भी कम होगी। हेल्प डेस्क पर 56 प्रत्याशियों ने करवाई आवेदन की जांच हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों ने प्रत्याशियों के आवेदन पत्रों की जांच की। आवेदन में जहां भी कोई कमी पाई गई, उसे पूरा करने के लिए संबंधित प्रत्याशी को जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश दिए गए। शनिवार को दाखिल हुए 30 नामांकन मारवाड़ मूण्डवा नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं। शनिवार को एक ही दिन में 15 वार्डों के लिए 22 व्यक्तियों ने कुल 30 नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनमें निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या अधिक रही। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न एवं पार्टी संबंधी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में नामांकन सोमवार को दाखिल होने की संभावना है। सोमवार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के निर्वाचन कार्यालय पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही व्यवस्थाएं सुचारू करने का प्रयास किया। इसी उद्देश्य से रविवार को अवकाश होने के बावजूद दोपहर बाद हेल्प डेस्क शुरू की गई, जहां सायं तक आवेदन पत्रों की जांच का सिलसिला जारी रहा। जिन प्रत्याशियों के आवेदन अब पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें सोमवार को प्रतिभूति राशि की रसीद सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर सीधे निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत करना होगा। इससे अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया व्यवस्थित रहने के साथ प्रत्याशियों के समय की भी बचत होगी।