झुंझुनूं | बाकरा गांव में पहाड़ी स्थित प्राचीन लालदास मंदिर के पास ग्रामीणों ने प्रशासन और लीज धारक की कार्यप्रणाली के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। ग्रामीण मंदिर परिसर में जीर्णोद्धार और शिवलिंग स्थापना कार्य में आ रही रुकावटों को लेकर लामबंद हो गए हैं। ​ ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर के मरम्मत कार्य और शिवलिंग स्थापना को लेकर लीज धारक रुकावट पैदा कर रहा है। बार-बार झूठी शिकायतें दर्ज कराकर धार्मिक कार्य में दखल दिया जा रहा है। आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने धरने का निर्णय लिया। धरनार्थियों ने स्पष्ट किया कि आस्था के इस केंद्र का जीर्णोद्धार गांव की प्राथमिकता है। जब तक प्राचीन मंदिरों की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती और शिवलिंग की विधिवत स्थापना नहीं कर दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर सेवानिवृत्त तहसीलदार मनीराम खीचड़, विजेंद्र मील, रामचंद्र खीचड़, नरोत्तम थोरी, संदीप चाहर, पुलकित चाहर, रामेश्वर चाहर, सुरेश काजला, कर्मवीर चाहर, राजेंद्र रुयल, रोहिताश खैरवा,बंटी ढेवा, मुकेश चाहर मौजूद थे। झुंझुनूं. बाकरा में पहाड़ी पर स्थित मंदिर में धरने पर बैठे ग्रामीण।