नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर पाली नगर निगम सहित जिले की 9 नगर पालिकाओं के लिए 320 वार्डों के लिए 423 मतदान केंद्र बनाए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम पाली में 65 वार्डों के लिए सर्वाधिक 166 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 6 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। नगरपालिका सोजत सिटी में 40 वार्डों के लिए 41 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें एक सहायक मतदान केन्द्र है। इसी प्रकार नगरपालिका सोजत रोड में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र, मारवाड़ जंक्शन में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र, रानी खुर्द में 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केन्द्र, सादड़ी में 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केन्द्र, सुमेरपुर में 35 वार्डों के लिए 36 मतदान केन्द्र, तखतगढ़ में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र, बाली में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र और खुडाला-फालना स्टेशन नगरपालिका में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार जिले के सभी 10 नगरीय निकायों में कुल 320 वार्डों के लिए 423 मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मतदान दलों के प्रशिक्षण का संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर ने लिया जायजा मतदान दिवस के मद्देनजर महावीर बाल मंदिर प्रशिक्षण स्थल पर मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। बुधवार को संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी, जिला कलेक्टर रवीन्द्र गोस्वामी और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, उनके दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा कार्मिकों को दी जा रही जानकारी के बारे में प्रशिक्षकों से फीडबैक लिया। संभागीय आयुक्त स्वामी ने मतदान कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता, निष्पक्षता एवं पूर्ण सजगता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर गोस्वामी ने कहा कि प्रशिक्षणार्थी मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक बिंदु को ध्यानपूर्वक समझें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर प्रशिक्षकों से उसका समाधान प्राप्त करें, ताकि मतदान दिवस पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने भी प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्धारित प्रशिक्षण गंभीरता से प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।