फलोदी नगरपरिषद चुनाव में बुधवार को 13 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। अब 40 वार्डों में कुल 191 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक है। इसके बाद ही उम्मीदवारों की अंतिम संख्या साफ हो पाएगी। नगरपरिषद के 40 वार्डों के लिए कुल 242 उम्मीदवारों ने 333 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान 98 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। इसके बाद 204 उम्मीदवारों के 235 नामांकन पत्र वैध पाए गए। खारिज हुए नामांकन पत्रों में बीजेपी के 47, कांग्रेस के 49 और निर्दलीय उम्मीदवारों के 2 नामांकन शामिल हैं। इनमें वे उम्मीदवार भी थे जिन्होंने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर उल्लेख किया था, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। कुल 121 उम्मीदवारों ने पार्टी प्रत्याशी के साथ निर्दलीय के रूप में भी नामांकन दाखिल किया था। 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित प्रत्याशियों को 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद ही हर वार्ड में चुनावी मुकाबले की पूरी तस्वीर साफ होगी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी पहली बार नगरपरिषद चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने वार्ड 4, 33 और 38 में प्रत्याशी खड़े किए हैं। वार्ड 36 में सबसे ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के अलावा नौ निर्दलीय दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, वार्ड 5 में भाजपा और कांग्रेस के अलावा आठ निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे कम उम्मीदवार वार्ड 1, 9, 16, 18, 23, 31, 35 और 39 में हैं, जहां सिर्फ 3-3 उम्मीदवार मैदान में हैं।