फूलियाकलां थाना पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस को देखकर ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल श्यामलाल अपने जाप्ते के साथ फूलियाकलां कस्बे, खेड़ा हेतम और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान खेड़ा हेतम से धनोप की ओर जाते समय उन्हें सामने से एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस जाप्ते को देखते ही ट्रैक्टर ड्राइवर ने वाहन को सड़क पर खड़ा कर दिया और तुरंत मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की, जिसमें अवैध खनिज बजरी भरी हुई पाई गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। पुलिस ने अवैध खनिज परिवहन के आरोप में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश जारी है।