प्रतापगढ़ के अशोक नगर क्षेत्र में रविवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर से करीब डेढ़ लाख रुपए नकद चुरा लिए। यह वारदात रात लगभग 3:30 बजे हुई। चोरी की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन नकाबपोश युवक दिखाई दे रहे हैं। जिनमें से एक का चेहरा कैमरे में नजर आ रहा है। बेटी के घर गया था परिवार पुलिस ने बताया- अशोक नगर निवासी राधेश्याम अपने परिवार के साथ 25 अगस्त को भीलवाड़ा स्थित अपनी बेटी प्रीति शर्मा के यहां गए हुए थे। इसी दौरान उनके बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। राधेश्याम की बेटी प्रीति शर्मा ने बताया कि उनके पिता बैंक से करीब 1 लाख रुपए निकालकर लाए थे, जो किसी को देने के लिए रखे थे। घर में पहले से रखी नकदी मिलाकर चोर कुल लगभग 1.50 लाख रुपए ले गए। तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात तीन नकाबपोश युवक घर के पास पहुंचे। चोरों ने सबसे पहले मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा। इसके बाद धारदार हथियारों की मदद से घर के दरवाजे के ताले तोड़े और अंदर घुस गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 10 मिनट तक घर के अंदर रहे और फिर फरार हो गए। सामने स्थित डॉ. नितिन सुथार के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रीति शर्मा के अनुसार, घर के अंदर भगवान का कमरा भी अस्त-व्यस्त मिला है। मंदिर में चांदी की कुछ मूर्तियां रखी हुई थीं, जिनकी चोरी होने की आशंका है। हालांकि, चोरी गई कुल राशि और अन्य सामान की पूरी जानकारी मकान मालिक के प्रतापगढ़ पहुंचने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पड़ोसी ने सुबह 4 बजे दी चोरी की सूचना घटना की जानकारी पड़ोसी ने सुबह करीब 4 बजे फोन कर परिवार को दी। चोरी की सूचना मिलते ही राधेश्याम और उनकी बेटी प्रीति शर्मा विजयनगर, भीलवाड़ा से प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए। मकान मालिक के प्रतापगढ़ पहुंचने के बाद पुलिस थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके बाद पुलिस द्वारा मौका-मुआयना कर चोरी गए सामान और नकदी का आंकलन किया जाएगा। कुछ दिन पहले भी वारदात की आशंका मकान मालिक राधेश्याम ने बताया- इन्हीं चोरों द्वारा कुछ दिन पहले शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में भी एक मकान को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।