प्रतापगढ़ के नकोर गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा अवैध तरीके से एलोपैथिक इलाज करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। संपर्क पोर्टल पर भी इस बारे में शिकायत दर्ज हुई थी। इन शिकायतों के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के निर्देश पर खंड स्तरीय टीम ने तिरुपति हेल्थ केयर सेंटर, नकोर पर कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि जिले में बिना वैध डिग्री और रजिस्ट्रेशन के एलोपैथिक इलाज करने वालों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि लोगों की सेहत से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ. मीणा ने आम लोगों से अपील की कि वे इलाज कराने से पहले डॉक्टर की डिग्री और रजिस्ट्रेशन की जानकारी जरूर लें। साथ ही अवैध इलाज की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद खंड स्तरीय टीम ने तिरुपति हेल्थ केयर सेंटर, नकोर का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अवैध प्रैक्टिस में इस्तेमाल हो रही एलोपैथिक दवाएं जब्त की गईं। नियमों के तहत इस मामले में जरूरी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार नवीन जैन, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीप खराड़ी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राहुल डामोर, खंड कार्यक्रम प्रबंधक दिलीप बैरागी, जिला औषधि नियंत्रक बलबीर सिंह और देवगढ़ थाना पुलिस टीम मौजूद रहे।