जयपुर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- कोई भी व्यक्ति परफेक्ट नहीं होता। किसी योग्य व्यक्ति का हक अगर कहीं छूट जाता है तो स्वाभाविक है कि उसे नाराजगी होगी ही। हमारा धर्म और फर्ज बनता है कि उनकी नाराजगी को दूर करें। शहरी निकाय चुनाव में टिकटों को लेकर कांग्रेस में सामने आ रही नाराजगी और बागियों को लेकर डोटासरा ने मंगलवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए यह कहा। वहीं राहुल गांधी पर FIR दर्ज होने के बाद केंद्र सरकार और बीजेपी पर भी डोटासरा ने पलटवार किया है। डोटासरा ने कहा- राहुल गांधी ने जब जातिगत भेदभाव करने पर बजरंग दल और RSS के खिलाफ आवाज उठाई। सरकार ने आरएसएस और बजरंग दल पर कार्रवाई करने की बजाय राहुल गांधी पर ही एफआईआर दर्ज कर ली। FIR उनके लिए मेडल की तरह है। आंदोलन करेगी कांग्रेस गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- राहुल गांधी निडर व्यक्ति हैं। वे देश के लिए लड़ते हैं। इस मामले को लेकर आंदोलन किया जाएगा। डोटासरा ने कहा- बीजेपी और RSS की सोच नाथूराम गोडसे की है, जबकि कांग्रेस की सोच महात्मा गांधी की है। इनकी राजनीति धर्म, जाति, ऊंच-नीच के आधार पर समाज को बांटने की है। इनकी पॉलिसी यही है कि इस देश में एससी-एसटी नहीं होना चाहिए। कहा- नेता प्रतिपक्ष मंदिर गए तो गंगाजल छिड़का, अब खड़गे के साथ किया डोटासरा ने कहा- हमारे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एक मंदिर में गए थे। इसके बाद भाजपा नेताओं ने मंदिर में गंगाजल छिड़क कर इसका शुद्धिकरण किया था। अब ऐसा ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ किया गया है। किसी बीजेपी नेता ने इसकी निंदा नहीं की। बीजेपी, आरएसएस सोच बदलें डोटासरा ने कहा- बीजेपी और आरएसएस को अपनी सोच बदलनी पड़ेगी। अब देश का युवा उठ खड़ा हुआ है। जिन लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक शब्द भी नहीं लिखा जाता था। आज लाखों लोग उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं। केंद्र सरकार तानाशाह की तरह राज कर रही है। विपक्ष और लोकतांत्रिक संस्थाओं को दबाने का काम कर रहे हैं, लेकिन इतिहास में बड़े-बड़े तानाशाह नहीं रह पाए। लोकतंत्र में ताकत जनता के पास होती है। पीछे से चोरी करना इनकी आदत बन गई डोटासरा ने कहा- राजस्थान की 309 निकायों में कांग्रेस ने पूरी पारदर्शिता के साथ करीब साढ़े 11 हजार सिंबल बांटे हैं। प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है, जब कांग्रेस पार्टी ने इतने सिंबल दिए हों। 50 प्रतिशत से ज्यादा युवाओं को टिकट देने का काम किया है। डोटासरा ने कहा- ओसियां में 31 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे बाद बीजेपी विधायक द्वारा पुलिस के पहरे में सिंबल जमा करवाना लोकतंत्र पर धब्बा है। भाजपा ने सत्ता के दुरुपयोग से कई जगहों पर शर्मनाक काम किया है। पीछे से चोरी करना इनकी आदत बन गई है। ये लोग जानते हैं कि बीजेपी के पास जनता को बताने के लिए न विकास है, न इंफ्रास्ट्रक्चर और न कोई ठोस नीति। ढाई साल में इस सरकार ने सिर्फ कोरी बातें और झूठे दावे किए हैं। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।