राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक दिवस 5 सितम्बर को जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह - 2026 को स्थगित कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय,राजस्थान (बीकानेर) ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर कार्यक्रम को आगामी सूचना तक टाल दिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार राज्य में सितंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। चुनाव घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। आचार संहिता के नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना को ध्यान में रखते हुए सक्षम स्तर से अनुमोदन के बाद इस गरिमामयी समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इसके आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने 31 अगस्त शाम को जारी कर दिए है। सूत्रों के अनुसार राज्य के सभी जिलों से जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची शिक्षा निदेशालय, बीकानेर भेजी जा चुकी है। उधर अभी जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को लेकर असमंजस बना हुआ है। उसको लेकर अभी कोई दिशा निर्देश नहीं आए है। वहीं ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह लगातार दूसरे साल भी नहीं होगा। बता दें कि शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 की नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत लगातार दूसरी बार ब्लॉक स्तर पर शिक्षक सम्मान समारोह नहीं होगा। केवल जिला व राज्य स्तर पर सम्मान दिया जाएगा। इस बार जिला स्तर पर प्रति कक्षा वर्ग के अनुसार 123 एवं राज्य स्तर पर 66 सहित कुल 189 शिक्षकों का चयन होना है। जिला स्तर पर 11 हजार रुपए नकद और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। राज्य स्तर पर 21 हजार रुपए नकद और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इच्छुक शिक्षकों से 11 अगस्त तक शाला दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। हैरानी की बात है कि इस साल शिक्षक सम्मान में सम्मानित होने वाले शिक्षकों की संख्या और दी जाने वाली राशि में भी कटौती की गई है। आचार संहिता के बाद नई तिथि व रुपरेखा होगी जारी: यह राज्य स्तरीय समारोह संभागीय संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा (जयपुर) के तत्वावधान में राजधानी जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में 5 सितंबर को भव्य स्तर पर आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। इस समारोह में प्रदेश भर से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके विशिष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाना तय हुआ था। शिक्षा विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री के विशिष्ट सहायक,स्कूल शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव, आयुक्त, सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों तथा संस्था प्रधानों को आगामी आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित कर दी है। समारोह के स्थगित होने से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को अब नई तिथि की घोषणा का इंतजार करना होगा। विभाग की ओर से निकाय चुनाव संपन्न होने और आचार संहिता हटने के बाद इस सम्मान समारोह के आयोजन की नई तिथि और रूपरेखा अलग से जारी की जाएगी। पांच साल का कक्षा शिक्षण अनुभव जरूरी : शिक्षक सम्मान के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों के पास कम से कम पांच साल का कक्षा शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य है। इस अनुभव की गणना 30 जून 2025 के आधार पर की जाएगी। आवेदन करने वाले शिक्षकों का चयन 100 अंकों की सूक्ष्म अंक योजना के आधार पर किया जाएगा। कुल अंक 25 से कम होने पर संबंधित शिक्षक के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम को लेकर गफलत में शिक्षक, जानकारी के अनुसार शिक्षक दिवस पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर शिक्षकों से लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों तक में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आवेदक शिक्षक इस संबंध में शिक्षा विभाग से संपर्क कर रहे हैं तो जिला अधिकारी भी पसोपेश में उलझे हुए हैं। अब भी आदेश में जिला स्तरीय सम्मान समारोह के साथ आगामी कार्यक्रम की तिथि का जिक्र नहीं होने के चलते शिक्षकों में समारोह चुनाव के बाद होने या ना होने को लेकर गफलत की स्थिति बन गई है। शिक्षक सम्मान समारोह में मिलने वाली राशि बंद हो एवं पारदर्शिता हो: शिक्षक संघ रेसटा,राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में दी जाने वाली नगद राशि को बंद करना चाहिए एवं अगर राशि देनी हो तो शिक्षक के स्कूल में दी जाएं । शिक्षक संघ रेसटा की मांग है कि जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित होने वाले शिक्षकों के आवेदन के साथ लगाएं गए सभी दस्तावेजों को ऑनलाइन जारी करना चाहिए जिससे सम्मान की पारदर्शिता बनी रही एवं अन्य शिक्षक भी उनके अनुसार कार्य करके आगमी सम्मान समारोह में आवेदन कर सकें।