राजसमंद नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। 45 वार्डों के लिए 27 अगस्त से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया का सोमवार 31 अगस्त को अंतिम दिन होगा। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। पांच दिन की प्रक्रिया में रक्षाबंधन और रविवार का अवकाश होने के कारण दो दिन नामांकन नहीं हो सका। ऐसे में अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के नामांकन दाखिल करने की संभावना है। शुरुआती दो दिनों में नामांकन का दौर अपेक्षाकृत धीमा रहा। 27 अगस्त को वार्ड 6 से एक महिला प्रत्याशी ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद 29 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी और कुल 26 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अब तक कांग्रेस के 20, भाजपा के 2 प्रत्याशी परिषद के 45 वार्डों में अब तक दाखिल नामांकन के अनुसार कांग्रेस की ओर से 20, भाजपा की ओर से 2, आम आदमी पार्टी की ओर से 1 व 4 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक किसी बड़े चेहरे के मैदान में उतरने की तस्वीर साफ नहीं हुई है। अंतिम दिन भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ चुनावी मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट होने की उम्मीद है। कांग्रेस के पूर्व सभापति ओर पूर्व उपसभापति मैदान में कांग्रेस ने चुनावी मैदान में अपने अनुभवी चेहरों पर भी दांव लगाया है। पूर्व सभापति अशोक टांक और पूर्व उपसभापति चुन्नीलाल पंचोली ने 29 अगस्त को नामांकन दाखिल कर दिया। दोनों के मैदान में उतरने से कांग्रेस की चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं भाजपा की ओर से अब तक किसी बड़े नेता के नामांकन नहीं भरने से सोमवार को पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर शहरवासियों की नजरें टिकी हैं। 3 सितंबर तक नाम वापसी 31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 3 सितंबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद ही 45 वार्डों में आमने-सामने के मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।