नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्डों में स्थानीय उम्मीदवार को लेकर मांग उठने लगी है। राजसमंद नगर परिषद के वार्ड 28 के मतदाताओं ने इस बार वार्ड के स्थानीय व्यक्ति को ही राजनीतिक दलों से उम्मीदवार बनाने की मांग की है। मांग को लेकर वार्डवासियों ने गलियों और चौराहों पर फ्लेक्स लगाकर अनूठे तरीके से अपनी बात सामने रखी है। वार्ड 28 इस बार अनारक्षित रखा गया है। ऐसे में वार्डवासियों का कहना है कि राजनीतिक दल इस बार वार्ड के स्थानीय व्यक्ति को ही चुनाव मैदान में उतारें। नागरिकों का तर्क है कि स्थानीय उम्मीदवार वार्ड की समस्याओं और जरूरतों से बेहतर तरीके से परिचित होता है। वहीं, बाहरी उम्मीदवारों को स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण कई मुद्दे अनदेखे रह जाते हैं। वार्डवासियों के अनुसार वर्तमान में द्वारिकाधीश मंदिर की पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, खस्ताहाल सड़कें और अपर्याप्त विद्युत रोशनी जैसी समस्याएं प्रमुख हैं। उनका मानना है कि स्थानीय प्रतिनिधि इन समस्याओं को बेहतर तरीके से समझकर प्राथमिकता के साथ उठाएगा। फ्लेक्स लगाए जाने के बाद भाजपा के पदाधिकारी भी वार्ड में पहुंचे और नागरिकों से बातचीत कर उनकी मांग के बारे में जानकारी ली। पदाधिकारियों ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को पार्टी के उच्च पदाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। वार्ड 28 के दो भागों में कुल 1277 मतदाता हैं। पहले भाग में 696 और दूसरे भाग में 581 मतदाता हैं। अब देखना होगा कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल वार्डवासियों की स्थानीय उम्मीदवार की मांग को कितना महत्व देते हैं और क्या किसी स्थानीय व्यक्ति को ही चुनाव मैदान में उतारा जाता है।