रामगढ़ थाना क्षेत्र के बीजवा गांव के पास अलवर-दिल्ली हाईवे पर रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर बने गड्ढों के बीच बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया है। यह हादसा रविवार रात करीब आठ बजे मानकी जाने वाले रास्ते के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार, सम्मन बास, थाना नौगांवा निवासी सोनू उर्फ शेर सिंह पुत्र जसराम मेघवाल और सीताराम पुत्र मोहनलाल मेघवाल बाइक से रामगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बीजवा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो की उनकी बाइक से टक्कर हो गई। भीषण टक्कर में सड़क पर गिरे दोनों युवक बोलेरो और बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने दोनों घायलों को सड़क पर पड़ा देखा तो मदद के लिए आगे आए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऋतुराज और ऋतिक स्वामी ने अपनी कार रोकी और दोनों घायलों को तुरंत रामगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद अलवर रेफर रामगढ़ उपजिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पंकज अग्रवाल ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, सोनू उर्फ शेर सिंह की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया। सीताराम को भी आवश्यक उपचार के बाद अलवर भेजा गया है। पुलिस ने बोलेरो और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना अधिकारी अजीत बडसरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर रामगढ़ थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायल पक्ष की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने सड़क की हालत पर जताई नाराजगी घायल के परिजन सुरेश कुमार ने बताया- सोनू और सीताराम रामगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बीजवा गांव के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने अलवर-दिल्ली हाईवे की खराब हालत और सड़क पर बने गहरे गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर मौजूद गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं और हादसे का प्रमुख कारण भी यही खराब सड़क मानी जा रही है।