अलवर के रामगढ़ में खेत पर जा रहे युवक को ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। परिजन घायल को रामगढ़ सरकारी अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक 6 बच्चों का पिता था। मामला आज सुबह 8 बजे का बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के गुगंदोज गांव का है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई मेहदतदीन ने बताया- अरशद (35) सुबह अपने खेत पर भैंसों के लिए चारा लेने पैदल जा रहा था। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था, तभी पीछे से आए बिना ट्रॉली के ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। भाई ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया था। हम उसको रामगढ़ जिला अस्पताल लेकर जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अरशद के 6 बच्चे है। जिसमें सबसे बड़ी बेटी और सबसे छोटा बेटा है। एएसआई जगदीश मीणा ने बताया- सूचना मिलने पर हम घटनास्थल पहुंचे। हमने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों का सौंप दिया है। परिजनों की तरफ से कोई रिपोर्ट दर्ज नही कराई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।