रातडिया आंगनवाड़ी केंद्र पर सोमवार को सेक्टर की मासिक बैठक आयोजित की गई। महिला पर्यवेक्षक वीणा जोशी ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें सेक्टर की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं। बैठक में मासिक प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। पर्यवेक्षक वीणा जोशी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे रिपोर्ट समय पर जमा करें और पोषण ट्रैकर पर प्रतिदिन की एंट्री अनिवार्य रूप से पूरी करें। पोषण आहार और टेक होम राशन (THR) के वितरण पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन मिले और स्टॉक रजिस्टर का नियमित रूप से मिलान किया जाए। बैठक में 0 से 3 वर्ष के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के अनिवार्य गृह भ्रमण पर विशेष जोर दिया गया। सभी बच्चों का वजन और ऊंचाई लेकर पोषण ट्रैकर पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए, ताकि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जा सके। इसके अलावा, आंगनवाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।