झुंझुनूं | शहर में चुनाव लड़ने वाले पार्षद पद के उम्मीदवार प्रचार के नए नए तरीके अपना रहे हैं। कोई टीम के साथ वार्ड में सफाई करवा रहा है तो कोई कीचड़युक्त गलियों में मिट्‌टी की ट्रोलियां डलवा रहा है। एक प्रत्याशी शहबाज फारूकी ने रविवार की रात अपने वार्ड नंबर 38 में रातभर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ वार्ड की गलियों, सड़कों और प्रमुख स्थानों पर सफाई करवाई। रातभर चले अभियान में कचरा हटाया गया और वार्ड को साफ-सुथरा किया गया। यानी चुनावी प्रचार से अलग हटकर फारूकी ने पहले सेवा, फिर चुनाव का संदेश देते हुए टीम के साथ वार्ड की गलियों में सफाई कार्य किया। इसी तरह वार्ड 15 व वार्ड 51 से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने अपने खर्चे पर वार्डों में लगी स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाईं।