साहवा | वार्ड 16 के सैनी मोहल्ले में पिछले कई माह से सड़कें टूटी हुई हैं। मुख्य रास्ते पर गड्ढे हो गए हैं। वाहन चालकों व लोगों को काफी परेशानी हो रही है। गड्ढों में पानी भरा रहता है। यहां पानी निकासी के लिए नालियां नही होने के कारण ये समस्या है। स्थानीय लोग इस संबंध में कई बार शिकायत करवा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। - दिनेश सैनी, निवासी सैनी मोहल्ला रतनगढ़ | शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर इन दिनों अतिक्रमण व अव्यवस्थाओं का आलम है। मुख्य परिसर और निकास मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों, अस्थाई होर्डिंग्स से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आए दिन जाम लग जाता है। स्टैंड में बसों को मोड़ने तक की जगह नहीं बच रही है। अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं। -कमल स्वामी, स्थानीय दुकानदार चूरू | शहर में केंद्रीय विद्यालय के सामने मुख्य रास्ते पर पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। इस व्यस्त मार्ग पर रोजाना सैकड़ों वाहनों का आवागमन रहता है। शाम होेते रास्ते पर गहरा अंधेरा छा जाता है, जिससे हादसे की अंदेशा बनी रहती है। इस संबंध में बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत भी करवाया है, पर अभी तक लाइट सही नहीं हुई है। -शहजाद अली, राहगीर चूरू | शहर के वार्ड 45 इलाके में पिछले 2 माह से नियमित सफाई नहीं हो रही थी। गलियों में गंदगी के ढेर लगे हुए थे। नालियां गंदगी से अटी हुई थी। मैंने ये समस्या भास्कर के जनता की आवाज कॉलम में भेजी। 30 अगस्त को खबर प्रकाशित हुई और इसी दिन वार्ड में सफाई हो गई। सफाई होने से वार्डवासियों को राहत मिली है।