भास्कर न्यूज| सवाईमाधोपुर अहिंसा सर्कल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र से करीब 1.5 किमी दूर जिला मुख्यालय के आलनपुर के जोगीपुरा खेत में भूगर्भ से प्रकटित स्फटिकमणि की अतिशयकारी सौम्य प्रतिमा का प्राकट्य दिवस रविवार को मनाया गया। आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज ने चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति के संयोजन में किया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में जिनेंद्र भक्त शामिल हुए। समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाड़लीप्रसाद बाकलीवाल ने हरी झंडी दिखाकर सुबह करीब 7:30 बजे चमत्कारजी मंदिर से पदयात्रा रवाना की। पदयात्रा की अगुवाई मंदिर प्रबंध समिति मंत्री योगेंद्र पापड़ीवाल ने की। कोषाध्यक्ष सुनील बाकलीवाल साथ रहे। श्रद्धालु झूमते-गाते चले और चमत्कार स्वामी के जयकारे लगे। पदयात्रा आलनपुर के जोगीपुरा स्थित चमत्कारजी के चरण स्थल पहुंची। यहां दर्शन-वंदन हुआ। पंडित आशीष जैन शास्त्री के मंत्रोच्चार के बीच विजय पापड़ीवाल ने प्रथम अभिषेक किया। अन्य भक्तों ने भी बारी-बारी से भगवान के चरणों का मंगल अभिषेक किया। आत्म शुद्धि की भावना जताई। समिति उपाध्यक्ष दीपक कासलीवाल के संयोजन में आचार्य मानतुंग रचित भक्तामर स्त्रोत का सामूहिक पाठ हुआ। कार्यकारिणी सदस्य नरेश कासलीवाल साथ रहे। चरण स्थल पर चमत्कार वाले आदिनाथ स्वामी के जयकारे गूंजे। अभिषेक और पाठ के बाद पदयात्रा वापस चमत्कारजी मंदिर पहुंची। समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि चमत्कारजी मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच अष्ट द्रव्य से भक्तामर मंडल विधान का पूजन हुआ। मंडल पर श्रीफलयुक्त 48 अर्घ्य समर्पित किए गए। भगवान आदिनाथ का गुणगान किया गया। इससे पहले मंडल पर मंगल कलशों और दीपक की स्थापना की गई। पूजन के बाद मंदिर परिसर में महिलाओं ने मंगल गीत गाए। कलशयात्रा निकाली। समिति अध्यक्ष रमेश चंद छाबड़ा के संयोजन में श्रीजी को कमलासन पर विराजित किया गया। विश्व कल्याण की कामना की गई। करतल ध्वनि के बीच रजत कलशों से कलशाभिषेक हुआ। जयमाल हुई और कलशाभिषेक और जयमाल के दौरान श्रद्धालु भावविभोर रहे। इसके बाद आरती उतारी गई। कार्यक्रम भक्ति भावना के साथ संपन्न हुआ। सहवरण सदस्य प्रकाश गोधा, मंदिर प्रबंधक दीपक सोगानी, चरण स्थल के सेवक प्रमोद योगी की सेवाएं सराही गईं।