सलूंबर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान क्वार्टज पत्थर से भरे दो ट्रेलर जब्त किए हैं। दोनों वाहनों के चालकों के पास क्वार्टज के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने दोनों मामलों में एमएमडीआर एक्ट और एमएमसीआर के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हेडकांस्टेबल शम्भुसिंह 112 बोलेरो से थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान आरटीओ सर्कल के पास बाईपास रोड की तरफ से एक ट्रेलर आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रेलर को रुकवाकर जांच की। ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-03-GA-7241 था। चालक ने अपना नाम राजेन्द्र बंजारा (38) बताया। वह बांसवाड़ा जिले के कलींजरा थाना क्षेत्र के बोडीगामा हमीरपुरा का रहने वाला है। जांच के दौरान ट्रेलर में क्वार्टज पत्थर भरा हुआ मिला। पुलिस ने चालक से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रेलर को क्वार्टज समेत जब्त कर लिया। अदकालिया में दूसरा ट्रेलर पकड़ा इसी दौरान थानाधिकारी मुकेश नागदा भी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। पुलिस टीम ने अदकालिया क्षेत्र में बाईपास रोड की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रेलर को रोककर जांच की। इस ट्रेलर का नंबर RJ-27-GE-7207 था। चालक ने अपना नाम मोहनलाल कटारा (30) बताया। वह बांसवाड़ा जिले के गढ़ी क्षेत्र के नंगारची बड़ला का रहने वाला है। ट्रेलर की जांच करने पर उसमें भी क्वार्टज पत्थर भरा मिला। चालक से खनिज परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार, खनिज विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दोनों ट्रेलरों में भरे क्वार्टज का परिवहन गैरकानूनी तरीके से किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए।