जयपुर में चुनाव में ड्यूटी लगाने पर सरकारी स्कूल की एक टीचर को कार्यमुक्त करने के बाद कई लोगों ने हंगामा कर दिया। सांगानेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंदाऊ की प्रधानाचार्य सीमा चौधरी ने पुलिस को शुक्रवार को शिकायत देकर बताया- स्कूल में शारीरिक शिक्षक शिखा मीणा की स्थानीय निकाय चुनाव में ड्यूटी लगाई थी। उन्हें 1 सितंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति देने के लिए स्कूल से कार्यमुक्त कर दिया था। शिकायत में आरोप है कि 2 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे 40-50 लोग बिना अनुमति स्कूल परिसर में जबरन घुस आए और हंगामा करने लगे। यह घटना प्रधानाचार्य के कमरे के सीसीटीवी में कैद हो गई थी। प्रधानाचार्य के अनुसार- घटना के समय स्कूल में टीचर और स्टूडेंट्स क्लास में पढ़ रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग मेरे चेंबर में घुसने लगे। विरोध करने पर मुझे एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि कुछ लोग जबरन कुर्सियों पर बैठ गए, जबकि एक व्यक्ति वीडियो बनाने लगा। शिकायत में कुछ लोगों के क्लास में घुसने के भी प्रयास का भी आरोप है। राजकीय कार्य प्रभावित होने का आरोप प्रधानाचार्य सीमा चौधरी ने शिकायत में बताया- घटना के दौरान मैं शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज करने और अन्य आवश्यक कार्य कर रही थीं। हंगामे के कारण मेरा राजकीय कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से स्कूल का शैक्षणिक माहौल खराब हुआ। वहीं विद्यालय स्टाफ और उनके मन में भय की स्थिति पैदा हुई। शिकायत के अनुसार- 2 सितंबर को संबंधित कर्मचारी को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति देनी थी, लेकिन वे विद्यालय पहुंचीं। इसके कुछ देर बाद उनके साथ अन्य लोग भी वहां आ गए। इसके बाद विद्यालय में हंगामा किया। प्रधानाचार्य ने शिकायत में शिक्षिका की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पहले भी तालाबंदी और विवाद का लगाया आरोप प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि इससे पहले उनके ट्रांसफर के बाद विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के दौरान कई दिनों तक तालाबंदी की स्थिति रही थी। उन्होंने शिकायत में पूर्व प्रधानाचार्य और टीचर शिखा मीणा पर घटना को जातिगत आधार देने की कोशिश करने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने की धमकी देने के आरोप भी लगाए। प्रधानाचार्य ने राजकार्य में बाधा और विद्यालय के वातावरण को प्रभावित करने वाला बताते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। प्रधानाचार्य ने थानाधिकारी को लिखा लेटर