सवाई माधोपुर में नगर परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपने प्रत्याशियों को जिताने के साथ-साथ बागी होकर मैदान में उतरे प्रत्याशियों को मनाने में जुटे हुए हैं। बुधवार को भाजपा ने अपने तीन बागी प्रत्याशियों को मनाने में सफलता हासिल की। वार्ड नंबर 11, वार्ड नंबर 40 और वार्ड नंबर 56 में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में 3 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। भाजपा नगर परिषद चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत के नेतृत्व में बुधवार दोपहर बाद भाजपा पदाधिकारी रिटर्निंग अधिकारी ऑफिस पहुंचे। वार्ड नंबर 11 से भाजपा प्रत्याशी अनुराधा शर्मा के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने वाली ऋचा शर्मा भी मौजूद रहीं। ऋचा शर्मा ने अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा प्रत्याशी अनुराधा शर्मा को समर्थन देने का फैसला किया। वार्ड नंबर 56 में भाजपा प्रत्याशी मेवा चौधरी के समर्थन में प्रियंका शर्मा ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। वार्ड नंबर 40 की भाजपा प्रत्याशी राधा के समर्थन में बादाम देवी ने नामांकन वापस लिया है। फिलहाल तीनों प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा ने राहत की सांस ली है। भाजपा पदाधिकारियों ने सभी वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने की बात कही। हालांकि नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ होने लगी है। भाजपा के सामने जहां अपने अधिकृत प्रत्याशियों को जीत दिलाने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस भी अपने प्रत्याशियों के साथ चुनावी समीकरण साधने में जुटी हुई है। नगर परिषद चुनाव में नामांकन वापसी के बाद अब राजनीतिक दलों का पूरा फोकस प्रचार अभियान और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने पर रहेगा। आने वाले दिनों में चुनावी मैदान में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है।