सलूंबर में शुक्रवार देर रात गणपति महोत्सव की शुरुआत हुई। गुजरात से खास तौर पर बनवाई गई विशाल गणेश प्रतिमा सलूंबर पहुंची, जिसका शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ स्वागत किया। प्रतिमा के शहर में पहुंचते ही 'गणपति बप्पा मोरया' के जयघोष से पूरा सलूंबर गूंज उठा। शोभायात्रा में झूमे श्रद्धालु बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंचे। इसके बाद लव-कुश स्कूल से भगवान श्री गणेश की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा गार्डन चौराहा, चुंगी नाका, बस स्टैंड, गांधी चौक, होली चौक और आजाद मोहल्ले से होते हुए सत्यनारायण मंदिर के पास पहुंची। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर युवा और श्रद्धालु खूब झूमे। रास्ते में जगह-जगह शहरवासियों ने भगवान गणेश की झांकी पर फूल बरसाकर स्वागत किया। बस स्टैंड पर हुई आतिशबाजी ने भी माहौल को उत्साह से भर दिया। कई प्रयासों के बाद फूटी मटकी दही हांडी यानी मटकी फोड़ उत्सव भी आकर्षण का केंद्र बना। मटकी फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियों ने पूरे उत्साह से कोशिश की। कई प्रयासों के बाद युवाओं ने मिलकर मटकी फोड़ी तो मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ खुशी जताई। सिद्धिविनायक ग्रुप ने गणपति महोत्सव को खास बनाने के लिए गुजरात से यह विशाल गणेश प्रतिमा विशेष रूप से तैयार करवाकर सलूंबर मंगवाई है। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से नगर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देर तक शहर में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और पूरा सलूंबर भक्ति और उल्लास से भर गया।