सीकर नगर परिषद के 64 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के कुल 128 प्रत्याशी आमने-सामने हैं। एक वार्ड में पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। पहले की बजाय इस बार ज्यादा पढ़ा-लिखा बोर्ड बनने की तैयारी है। 128 प्रत्याशियों में से भाजपा के 27 और कांग्रेस के 14 प्रत्याशी ग्रेज्युएट हैं या इससे भी ज्यादा पढ़ाई किए हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ दोनों दलों के 27 प्रत्याशी सिर्फ साक्षर ही हैं। 64 वार्ड में भाजपा-कांग्रेस के अलावा अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले में कड़ी टक्कर दी है। भाजपा-कांग्रेस के बागी भी अपना असर दिखाने में लगे हैं। पढ़ाई की बात करें तो भाजपा के प्रत्याशियों का पलड़ा ज्यादा भारी नजर आता है। दोनों ही पार्टियों के काफी प्रत्याशी ने 10वीं भी पास नहीं की है। कांग्रेस सीकर नगर परिषद के 64 पार्षद प्रत्याशियों में से कांग्रेस के 14 प्रत्याशियों ने ग्रेजुएशन या इससे ज्यादा पढ़ाई कर रखी है। इनमें 2 प्रत्याशियों के पास वकालत की डिग्री और 1 बीएडधारी है। वहीं, कांग्रेस के 17 प्रत्याशी सिर्फ साक्षर हैं। भाजपा सीकर नगर परिषद के 64 पार्षद प्रत्याशियों में से भारतीय जनता पार्टी के 27 प्रत्याशियों ने ग्रेजुएशन या इससे ज्यादा पढ़ाई की है। इनमें से 3 प्रत्याशियों के पास वकालत की डिग्री और 7 बीएडधारी है। वहीं, भाजपा के 10 प्रत्याशी सिर्फ साक्षर हैं।