सीकर में आज सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीती रात सीकर जिला मुख्यालय समेत कई इलाकों में रूक-रूककर बूंदाबांदी हुई। आज सीकर जिले में बारिश के आसार हैं। मानसूनी हवा आज आधे से ज्यादा राजस्थान में सक्रिय हैं। सीकर में आज हवाएं रुकने की वजह से उमस बढ़ी है, लेकिन धूप से राहत है। 10 प्रतिशत कम बारिश हुई सीकर में पिछले 4 सालों के मुकाबले इस बार मानसून की औसत से भी कम बारिश है। मानसून के मीटर को देखें तो सीकर में अब तक औसत बारिश से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस बार बारिश कम होने से सीकर में उमस का प्रभाव तेज बना हुआ है। आज बादलवाही के कारण लोगों को तेज धूप से राहत मिली है। सीकर समेत पूरे शेखावाटी के किसानों को इस बार बारिश के नाम‌ पर निराशा हाथ लगी है। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बार-बार मौसम बदलने से सीकर में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 10 डिग्री का अंतर रह गया है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर में फिलहाल 7 सितंबत तक हल्की बारिश का अनुमान है। उसके बाद सितंबर महीने के दूसरे हफ्ते में बारिश होने का विशेष पूर्वानुमान नहीं है। इस साल बार-बार हवाओं का दबाव बदलने की वजह से मानसून की छितराई बारिश हो रही है। इस साल सीकर समेत शेखावाटी इलाके में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।