राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी परिषद भामसं ने संगठनात्मक विस्तार के तहत सिरोही जिले में बलवंतसिंह राव को मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। राव वर्तमान में वन विभाग, आबू पर्वत सिरोही में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ भामसं, जिला सिरोही के अध्यक्ष दशरथ सिंह भाटी मोहब्बत नगर और वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया की अनुशंसा पर सौंपी गई है। बलवंतसिंह राव इससे पहले सहायक कर्मचारी महासंघ सिरोही के जिलाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और कर्मचारियों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह मनोनयन किया गया है। बलवंतसिंह राव के मनोनयन की सूचना मिलते ही मंत्रालयिक कर्मचारियों सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। आर्ष गुरुकुल आबू पर्वत के आर्य योगेन्द्र सिंह भाटी, स्वामी ओम प्रकाश, जगपाल सिंह राठौड़, शंकर लाल मीणा, पुखराज शवंसा, मान सिंह राव, हीरालाल, महेंद्र सिंह सहित सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी और हर्ष व्यक्त किया। मनोनयन के बाद बलवंतसिंह राव शीघ्र ही राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ भामसं जिला सिरोही के अध्यक्ष दशरथ सिंह भाटी और वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव के मार्गदर्शन में जिला कार्यकारिणी तथा तहसील स्तर की कार्यकारिणियों का गठन करेंगे। उनका उद्देश्य संगठन का विस्तार करना और मंत्रालयिक कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। कर्मचारी संगठनों ने बलवंतसिंह राव के मनोनयन को संगठन को नई मजबूती और सक्रियता देने वाला कदम बताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंत्रालयिक कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को एक प्रभावी मंच मिलेगा और उनके हितों की मजबूती से पैरवी की जाएगी।