हनुमानगढ़ के गोलूवाला स्थित सरस्वती मॉडल उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्रा स्नेहा भाम्भू ने सीकर में आयोजित राजस्थान स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीता है। स्नेहा ने यह उपलब्धि पोल वॉल्ट स्पर्धा में हासिल की। स्नेहा की सफलता की खबर स्कूल पहुंचते ही स्टाफ और विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। शनिवार को स्नेहा के स्कूल पहुंचने पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। स्कूल परिवार ने छात्रा का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उसे सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल निदेशक मदन गोपाल शर्मा ने स्नेहा की उपलब्धि को नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्कूल के लिए गौरव की बात है और क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पोल वॉल्ट एथलेटिक्स की एक ऊंची कूद वाली स्पर्धा है। इसमें खिलाड़ी एक लंबी और लचीली डंडे (पोल) की मदद से निर्धारित ऊंचाई पर लगी क्षैतिज पट्टी को पार करता है। खिलाड़ी दौड़कर पोल को जमीन पर बने बॉक्स में टिकाता है और उसकी लचक और अपनी गति का उपयोग करते हुए हवा में ऊपर उठता है। इसके बाद खिलाड़ी बिना बार गिराए उसके ऊपर से छलांग लगाकर दूसरी ओर उतरता है। प्रतियोगिता में खिलाड़ी द्वारा पार की गई ऊंचाई के आधार पर प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ और छात्र-खिलाड़ी भी मौजूद रहे। स्नेहा के पिता रणवीर भाम्भू भी विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने स्नेहा को हार्दिक बधाई दी। स्कूल परिवार ने उम्मीद जताई कि स्नेहा आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और स्कूल का नाम रोशन करेंगी।